मारपीट के एक मामले में कानपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री व चार अन्य लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वसंत विहार निवासी अधिवक्ता आशीष सचान की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व महामंत्री कपिलदीप सचान ने गेस्ट हाउस में बुलाकर साथियों के संग उनके साथ मारपीट किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने मारपीट व हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर पूर्व महामंत्री का कहना है कि मामले को जानबूझकर तूल दिया गया है। इस बीच यह भी चर्चा रही कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाले अधिवक्ता पर भी पूर्व में कई मामलों में एफआईआर दर्ज हैं। इसी बीच एक पत्र भी वायरल हो रहा है, जिसमें यह बताया जा रहा है कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाले अधिवक्ता की ओर से कहा गया है कि वह इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं चाहता है। एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री कपिलदीप सचान, उसके साथी आलोक सचान, राहुल सचान और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।