कानपुर में कर चोरी की आशंका में आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार को राजस्थान लिकर कंपनी और आरती डिस्टिलरीज के सात ठिकानों पर कार्रवाई की। शुरुआती जांच में विभाग को कर चोरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। कंपनियों का टर्नओवर 1400-1500 सालाना होने के बाद भी केवल 8-9 करोड़ का आयकर चुकाया जा रहा था।
कंपनियों की कमाई को इधर-उधर करके कानपुर समेत देश के अलग-अलग शहरों में संपत्तियां खरीदी जा रही हैं। इसके दस्तावेज अफसरों को हाथ लगे हैं। विदेशी शराब कंपनी में भी पार्टनरशिप मिली है। 60 से ज्यादा अफसरों की अलग-अलग टीमों ने रनियां स्थित कंपनी की दो यूनिट पर कार्रवाई की। इसके अलावा स्वरूपनगर-तिलकनगर, फजलगंज, शास्त्रीनगर और माल रोड स्थित कंपनी के कार्यालयों में भी एक साथ कार्रवाई की गई।