दो घंटे बाद उसी कार से वापस एयरपोर्ट आए
राहुल गांधी फतेहपुर में हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलने के लिए गए थे। चकेरी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह वाया सड़क मार्ग से होते हुए वहां रवाना हुए। वह कार संख्या यूपी 78 एचवी 8333 में सवार थे। उनके आगे और पीछे भी कई गाड़ियां फतेहपुर के लिए गईं। राहुल गांधी लगभग दो घंटे बाद उसी कार से वापस एयरपोर्ट आए।
हत्यारोपी वीरेंद्र पाल के नाम से पंजीकृत है कार
उनके जाने के बाद कांग्रेसियों ने उनके साथ खिंचवाई गई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डाले। इसके बाद वायरल फोटो और वीडियो में बताया गया कि राहुल गांधी जिस कार में बैठे हुए हैं, वह बसपा नेता पिंटू सेंगर के हत्यारोपी वीरेंद्र पाल के नाम से आरटीओ में पंजीकृत है।
ट्रैवल एजेंसी से बुक कराई थी कार
पिता का नाम शिव प्रसाद पाल और पता आदर्श नगर जेके कॉलोनी तिवारीपुर दिया हुआ है। वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद कांग्रेसी बचाव में जुट गए है। कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप ठाकुर ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि यह कार किसकी है। उन्होंने ट्रैवल एजेंसी से कार बुक कराई थी।
नगर ग्रामीण इकाई की ओर से उपलब्ध कराई गई थी कार
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता का कहना है कि राहुल गांधी के आगमन को लेकर जिले से पांच गाड़ियां की गई थीं। चार गाड़ियां महानगर इकाई और राहुल गांधी जिस पर बैठकर गए थे, उसे नगर ग्रामीण इकाई की ओर से उपलब्ध कराया गया था। अमर उजाला वायरल फोटो और वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।