छात्रों के साथ यूपी पुलिस को साइबर एक्सपर्ट बनाने, साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए पीएसआईटी में प्रदेश के पहले नेशनल साइबर रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ बुधवार को हुआ। नेशनल साइबर सिक्योरिटी रिसर्च काउंसिल (एनसीएसआरसी) की ओर से स्थापित इस सेंटर में हर साल 200 से अधिक साइबर एक्सपर्ट तैयार होंगे।
बुधवार को शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त संतोष कुमार मिश्रा, विशिष्ट अतिथि एवं एनसीएसआरसी के डायरेक्टर डॉ. कालीराज ई नायडू, संस्थान के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनमोहन शुक्ला ने किया। सेंटर में नेटवर्क सिक्योरिटी, एथिकल हैकिंग, डिजिटल फॉरेंसिक्स, साइबर थ्रेट एनालिसिस और डेटा प्रोटेक्शन जैसे विषयों पर वर्कशॉप और सर्टिफिकेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को साइबर हमलों की पहचान, डिजिटल सिस्टम की कमजोरियों के विश्लेषण और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। शिक्षकों के लिए भी फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर के सी3आई हब के डॉ. आनंद हांडा, रैकस्पेस तकनीक के साइबर सिक्योरिटी आर्किटेक्ट राम दीक्षित और एचसीएल टेक के साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर रजत श्रीवास्तव ने विचार रखे। रैकस्पेस टेक्नोलॉजी के श्रीराम दीक्षित, एचसीएलटेक के रजत श्रीवास्तव ने भी साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
पुलिस नहीं करती है डिजिटल अरेस्ट की कार्रवाई : जेसीपी
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि लोग यह अच्छी तरह से समझ लें कि पुलिस कभी भी डिजिटल अरेस्ट जैसी कार्रवाई नहीं करती है। अगर कभी ऐसा कॉल आता है तो बिना डरे इसकी जानकारी पुलिस को दें। पीएसआईटी के चेयरमैन प्रणवीर सिंह ने कहा कि सेंटर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ शोध और नवाचार को भी बढ़ावा देगा। वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनमोहन शुक्ला ने कहा कि पीएसआईटी के छात्रों के अलावा बाहरी छात्रों को भी आमंत्रित किया जाएगा।