http://
जमीन का विवाद आया है सामने
भवानीपुर गांव में शुक्रवार वीरेंद्र और राहुल के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के आमने-सामने आ जाने पर सूचना पर बिठूर क्षेत्र की पीआरबी के सिपाही अरविंद और अनूप मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगे।
Kanpur Attack On Police
- फोटो : amar ujala
जान बचाने के लिए सिपाहियों को पीछे हटना पड़ा
उन्हें साथ थाने ले जाने लगे। इसी दौरान ग्रामीण उग्र हो गए। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए सिपाहियों को पीछे हटना पड़ा, लेकिन भीड़ ने उनका पीछा करते हुए हमला जारी रखा।
पीआरवी वाहन के शीशे चकनाचूर
पथराव में दोनों सिपाही घायल हो गए, जबकि पीआरवी वाहन के शीशे चकनाचूर हो गए। एक पक्ष की ओर के पुरुष, महिलाओं ने दोनों सिपाहियों को गालीगलौज करते हुए लात-घूंसों और चप्पलों से पीटा। उनकी वर्दी फाड़ दी। इसका 20 सेकंड का एक वीडियो वायरल रहा।
Kanpur Attack On Police
- फोटो : amar ujala
विवाद सुलझाने के पीआरवी गई थी
हालात बिगड़ने की सूचना पर थाने से अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। चंगुल में फंसे घायल सिपाहियों को भीड़ बचाकर अस्पताल भेजा। घटना के बाद सभी आरोपी घरों में ताला डालकर भाग निकले। गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दिया गया है। एसीपी बिल्हौर अंकित कुमार ने बताया कि भवानीपुर में जमीन को लेकर हो रहे दो पक्षों के विवाद को सुलझाने के लिए बिठूर क्षेत्र की पीआरवी गई थी।
गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
वहां ग्रामीणों ने पुलिस से धक्कामुक्की, अभद्रता और गालीगलौज की। प्रकरण में सिपाही अनूप की तहरीर पर वीरेंद्र, उसकी पत्नी, बेटी और बेटा नरेंद्र के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीम ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
Kanpur Attack On Police
- फोटो : amar ujala
फिर याद आ गया बिकरू कांड
दो जुलाई 2020 की देर रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दुर्दांत विकास दुबे और उसके गुर्गों ने दबिश के दौरान पुलिस कर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। वहां मौजूद बिल्हौर सीओ रहे देवेंद्र मिश्रा, शिवराजपुर थाना प्रभारी रहे महेशचंद यादव, मंधना चौकी इंचार्ज रहे अनूप सिंह, एसआई नेबूलाल, सिपाही सुलतान, राहुल, बबलू, जितेंद्र की हत्या कर दी थी। शुक्रवार शाम पुलिस पर हुए हमले ने एक फिर से भी अधिकारियों को बिकरू कांड की याद दिला दी।
पुलिस पर पहले भी हुए हमले
- 17 सितंबर 2025 को नरवल के शीशपुर में नशे में धुत लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर घायल कर दिया था।
- 16 मार्च 2026 को घाटमपुर के स्योंदी ललईपुर में जमीन के विवाद में पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला।
- 11 अप्रैल 2026 को नरवल के ग्राम पाली में पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा। चौकी पाली को फूंकने की कोशिश की।
- 25 अप्रैल को बनियापुरवा में नौटंकी के दौरान मंच पर नशे में युवकों को रोकने पर पुलिस पर पथराव, पीएसी जवान को मरणासन्न किया।
- 21 अप्रैल को घंटाघर चौराहे पर चालान करने पर टेंपो चालक और उसके साथी ने पुलिस बूथ पर हमला कर दिया।