सीसामऊ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में गालीगलौज की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम पर युवकों ने हमला कर दिया। पीआरवी चालक होमगार्ड ने सीसामऊ थाने में दो सगे भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पर मारपीट कर वर्दी फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
होमगार्ड महेंद्र कुमार पीआरवी 9719 के चालक हैं। उन्होंने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार को ड्यूटी के दौरान सुबह करीब 11:50 बजे सूचना मिलने पर पीआरवी कमांडर राहुल कुमार के साथ जवाहरनगर स्थित वीरेंद्र दुबे वाली गली में पहुंचे। वहां अमन निषाद हाथ में ईंट का टुकड़ा लेकर एक महिला से गालीगलौज कर रहा था। जब पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो अमन ने उनकी वर्दी में लगी सीटी डोरी और शोल्डर पकड़ लिया। अभद्र गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका बड़ा भाई सुमित निषाद भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर उन्हें बुरी तरह से पीटा और वर्दी फाड़ दी।