वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे रवि दीक्षित
मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि दीक्षित के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, रवि एक आईटी कंपनी में कार्यरत थे और घर से ही 'वर्क फ्रॉम होम' कर रहे थे। उनकी करीब 10 साल पहले शादी हुई थी और उनका सात साल का एक बेटा भी है। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा, जहां उनका शव फंदे पर लटका मिला।
एक साल से चल रहा था प्रॉपर्टी विवाद
मृतक की पत्नी ज्योति दीक्षित ने आरोप लगाया कि रवि की बड़ी बहन छवि मिश्रा पिछले काफी समय से परिवार की प्रॉपर्टी, ज्वेलरी और खेती-बाड़ी में हिस्सेदारी व बंटवारे को लेकर लगातार दबाव बना रही थीं। पत्नी का कहना है कि इसी संपत्ति विवाद को लेकर बड़ी बहन पिछले करीब एक साल से रवि को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी, जिससे वह भारी तनाव में आ गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चकेरी थाना पुलिस का कहना है कि मौके से एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमें लिखे आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट, संपत्ति विवाद के तथ्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।