10 जुलाई तक सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार होगा
सब रजिस्ट्रार सर्किल रेट बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। हाईवे किनारे यानी सड़कों के दोनों तरफ व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने वाले क्षेत्रों का सर्वे लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही बिठूर कला, हिंदूपुर, सिंहपुर में आवासीय जमीन के बाजारू रेट के अनुसार सर्किल रेट बढ़ाए जाएंगे। इन क्षेत्रों में आवासीय गतिविधियां बढ़ी हैं। सर्किल रेट बढ़ाने पर एडीएम वित्त, एआईजी स्टांप और सब रजिस्ट्रारों की जल्द बैठक होगी। 10 जुलाई तक सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार होगा।
शहर के आसपास के क्षेत्रों में ज्यादा बढ़ सकते दाम
शहर के आसपास सटे क्षेत्रों में इस समय खूब प्लाटिंग हो रही है। वहां की जमीनों के बाजार के दाम काफी ऊंचे हैं, लेकिन सर्किल रेट कम हैं। इसको देखते हुए कल्याणपुर के बारासिरोही, टिकरा, इंद्रानगर, सिंहपुर, बिठूर, मंधना, चौबेपुर, पनकी, नौबस्ता क्षेत्र के गंगापुर, मछरिया, अर्रा, बिनगवां, सतबरी और चकेरी क्षेत्र के हाथीपुर, महाराजपुर, साढ़ की जमीनों की दरें करीब 30 फीसदी तक बढ़ने की संभावनाएं हैं। एक अगस्त तक सब कुछ फाइनल हो जाएगा।
10 जुलाई तक प्रस्ताव तैयार कर लिया जाएगा। 25 तक प्रस्तावों पर आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद जिलाधिकारी के साथ बैठक कर एक अगस्त से नए सर्किल रेट जारी कर दिए जाएंगे। -श्याम सिंह बिसेन, एआईजी स्टांप