कानपुर में बारावफात के अवसर पर प्रस्तावित जुलूस को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने रामलीला मैदान, कोतवाली और बेकनगंज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जुलूस मार्ग, आयोजन स्थलों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जुलूस की तैयारियों और पूर्व में किए गए प्रबंधों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्धारित जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों और आयोजन स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के निर्देश दिए। संभावित भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।