कानपुर में बिठूर के परगही गांव में रविवार दोपहर गर्भवती ने डॉक्टर को दिखाने की जिद पति से की। पति के तमाचा मारने से क्षुब्ध होकर खुद पर डीजल डालकर आग ली। पत्नी को बचाने में पति भी झुलस गया। दोनों को उर्सला में भर्ती कराया गया है।
महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। किसान इरफान का निकाह कुछ साल पहले नौबस्ता के मछरिया निवासी राबिया (28) से हुआ था। उनके दो बच्चे एनम (4) व बेटा अशजद (2) हैं। इरफान ने बताया कि राबिया छह माह के गर्भ से है। रविवार को डॉक्टर को देखने की बात पर हुए विवाद के बाद राबिया ने कमरे में जाकर डिब्बे में रखा डीजल अपने व बच्चों पर भी उड़ेल दिया।
बच्चों के शोर मचाने पर पत्नी को समझाबुझा मना लिया। कुछ देर बाद ही राबिया ने आग लगा ली। शॉल से आग बुझाते समय उसका भी हाथ और चेहरा झुलस गया। पड़ोसियों की मदद से दंपति निजी अस्पताल पहुंचे। यहां से उर्सला रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों मुताबिक सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने राबिया का बयान दर्ज किया है। पति पर आग लगाने का आरोप लगा है। वहीं, मंधना पुलिस स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में दंपति के बीच विवाद में हुई घटना की बात सामने आई है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।