सचेंडी नवीन सब्जी मंडी चकरपुर के आलू-प्याज के आढ़ती संजीव कुमार गुप्ता ने गुरुवार को 39 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंडी स्थित मेसर्स रामसनेही गुप्ता एंड सन्स के प्रोपराइटर संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी फर्म से मेसर्स राजलक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी की राजलक्ष्मी ने 34,58,500 का माल खरीदा। इसमें मंडी शुल्क 51,878 और कमीशन 1,03,755 व बारदाना-पल्लेदारी खर्च 3,06,000 रुपये मिलाकर कुल बकाया राशि 39,20,133 रुपये बने थे। भुगतान मांगने उनके हनुमंत विहार स्थित घर गए तो ताला लगा था। राजलक्ष्मी और उनके पति प्रवेश कुमार पांडे नहीं मिले। मोबाइल फोन भी बंद हैं। सचेंडी एसीपी शिखर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।