थाने में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की
17 सितंबर को घर लौटीं तो कमरों में सामान बिखरा था और अलमारियों के लॉकर खुले पड़े थे। चोर 3.90 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, टीवी, पीतल के बर्तन, कैमरा और डीवीआर समेत करीब 30 लाख रुपये का माल समेट ले गए थे। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की थी। थाने में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : amar ujala
दो माह बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की
कई चक्कर काटने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, तो पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई। अब दो माह बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसी तरह गुजैनी थाने से महज 50 मीटर दूर इंजीनियर अनिल राजपूत के घर से दो नवंबर को चोर ने 10 लाख के जेवर व 39 हजार रुपये नकदी पार कर दी थी। अनिल के पिता बाबूराम के मुताबिक, दो नवंबर की दोपहर परिवार दिवाली के चलते घर की पहली मंजिल पर साफ-सफाई में लगा था।
चौकी में तीन बार और थाने में दो बार तहरीर दी
इसी दौरान दोपहर 1:23 बजे मुख्य द्वार खुला पाकर एक चोर घर में घुस आया। उसने कमरे में रखी अलमारी के लॉकर से नकदी व गहने पार कर दिए। आरोप है कि पुलिस चौकी में तीन बार और थाने में दो बार तहरीर दी। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस को सौंपे जिसमें बाइक सवार दो संदिग्ध कैद हैं। इसके बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। डीसीपी से गुहार के बाद 24 दिन बाद मामला पंजीकृत किया गया।
गुजैनी में घर मे घुसता चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद
- फोटो : amar ujala
किसी से कुछ बताना नहीं, हम चोरी खोल देंगे
पीड़ितों के मुताबिक, चोरी के बाद जब पुलिस से शिकायत की तो पुलिस कर्मियों ने कहा कि किसी से कुछ बताना नहीं। हम दो सप्ताह में पूरा माल बरामद कर घटना का अनावरण कर देंगे। अगर चोरी चर्चा में आ गई तो चोर हाथ से निकल जाएंगे। कई दिन बीतने के बाद भी जब कुछ नहीं हुआ तब उन्होंने अधिकारियों के यहां चक्कर लगाने शुरू किए। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई।
अनसुलझी चोरियां और थानेदारों के जवाब
- पांच नवंबर को किदवईनगर के जूही लाल कॉलोनी चौकी के पास रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त अधिकारी के घर 25 लाख की चोरी। किदवईनगर एसओ विजय सिंह ने बताया कि नकाबपोश चोरों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं। हालांकि, अभी चोरों का कुछ पता नहीं लग सका है।
- 11 नवंबर को नौबस्ता के विहंग विहार में महिला सिपाही निशा देवी के बंद घर से तीन लाख की चोरी। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि चोर ट्रेस हो गया है। वह परिवार सहित घर में ताला डालकर भाग गया है। पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
- 15 नवंबर को किदवईनगर के जूही लाल कॉलोनी में कबाड़ कारोबारी के बंद घर से 15 लाख की चोरी। एसओ विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीसी कैमरे खंगाले हैं। हालांकि, कुछ भी जानकारी नहीं मिल सकी है। फिलहाल पुलिस खाली हाथ है।
- 16 नवंबर को नौबस्ता के हंसपुरम में सपा नेता की बहन के घर से 10 लाख के जेवर चोरी इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात परिवार के ही व्यक्ति ने अंजाम दी है। पीड़ित ने पहले शिकायत की बाद में एफआईआर दर्ज कराने से इन्कार कर दिया है।
- 23 नवंबर को बर्रा में परचून दुकानदार के बंद घर से ऑटो चालक ने उड़ाया 10.50 लाख रुपये का माल। बर्रा इंस्पेक्टर क्षितिज सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन के टॉवर का डंप टा निकलवाया है। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।