खुदाई के दौरान लीकेज हुई गैस पाइपलाइन
- फोटो : अमर उजाला
सर्किट हाउस के पास सीवर लाइन डाले जाने के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदते समय पीएनजी पाइप लाइन फट गई। तेजी से ज्वलनशील गैस निकलने के चलते आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सर्किट हाउस जा रहे विधायक सुरेंद्र मैथानी भी वहां पहुंच गए। ज्वलनशील गैस का रिसाव बंद करने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को फोन किया।
बोले इस घटना में सैकड़ों लोगों की जान चली जाती तो कौन जिम्मेदार होगा। कौन है इस क्षेत्र का एई और जेई इसे तत्काल ठीक कराओ नहीं तो इन दोनों को इसी गड्ढे में बैठा दूंगा। इस घटना के होने से वहां पर करीब एक घंटे तक आवागमन रोक दिया गया। राज्यमंत्री को इस रिसाव की सूचना दी गई, लेकिन तब उनका काफिला वहां पहुंच चुका था। जिससे मंत्री भी कुछ देर के लिए वहां फंसे रहे। बाद में रास्ता डायवर्ट कर दिया गया। इस घटना की वजह से मंत्री को सर्किट हाउस पहुंचने में एक घंटा देरी हो गई।
मौके पर पहुंचे विधायक मैथानी ने विभाग के अधिकारियों से कहा कि इसकी पूरी जांच करें कि इतनी बढ़ी लापरवाही कैसे हुई। कहा कि जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान सीयूजीएल के अधिकारियों को भी फोन कर जानकारी दी गई। करीब दो घंटे बाद सीयूजीएल की टीम वहां पहुंची और पाइप लाइन सही कर गैस रिसाव बंद किया। बुधवार को दोपहर 11 बजे राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा करने पहुंचना था। इस घटना की वजह से उस क्षेत्र में करीब दो घंटे तक गैस की आपूर्ति भी ठप रही।