यूपी के कानपुर शहर स्थित गौरव मेमोरियल स्कूल कल्याणपुर में चल रही सब जूनियर पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन यूपी की ओर से शहर की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीत कर शहर का नाम रोशन किया।
84 किग्रा भार वर्ग से अधिक में कानपुर की महिवा शुक्ला ने 177.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 57 किग्रा भार वर्ग में कानपुर की ही सौम्या सिंह ने 197.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। बालक वर्ग में 83 किग्रा भार वर्ग में यूपी के लिए कानपुर के आशीष ने 480 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
इसी क्रम में बालक वर्ग में 120 किग्रा से अधिक भार वर्ग में यूपी के दीपक चौधरी ने 465 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। झारखंड के दिव्यांशु आनंद ने 460 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण जीता। 105 किग्रा भार वर्ग में हरियाणा के विशाल ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के दर्श नायर ने रजत तथा यूपी के जय प्रकाश ने कांस्य पदक जीता। 93 किग्राभार वर्ग में दिल्ली के रोहन राणा ने स्वर्ण, यूपी के सूरज ने रजत तथा पश्चिम बंगाल के दीपक मलिक ने कांस्य पदक जीता।
बालिकाओं की 43 किग्राभार वर्ग में महाराष्ट्र की दिव्या खत्री ने स्वर्ण, छत्तीसगढ़ की नारायणी ने रजत पदक जीता। वहीं 57 किग्रा भार वर्ग में यूपी की सौम्या सिंह ने स्वर्ण, हृतिका सिंह ने रजत तथा छत्तीसगढ़ की रेणुका बनर्जी ने कांस्य पदक जीता।