होली का पर्व खूब हंसी-खुशी मनाएं। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ा एहतियात बरतें जिससे किसी तरह की दिक्कत न हो। होली खेलने के पहले शरीर में नारियल का तेल लगा लें। मॉश्च्युराइजर या किसी जेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। होली खेलने के बाद रंग जल्दी शरीर से छुड़ा दें। गीले कपड़ों को बदल लें और शरीर एंटी फंगल पाउडर से डस्टिंग कर लें।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. डीपी शिवहरे ने बताया कि पहले से तेल या क्रीम लगाने से रंग से रोम छिद्र बंद नहीं होते और रंग जल्दी साफ हो जाता है। देर तक गीले कपड़े पहने से फफूंदी का संक्रमण हो सकता है। त्वचा की एलर्जी की दिक्कत भी हो जाती है। हर्बल रंग से होली खेलना अधिक सुरक्षित है। केमिकल के रंगों से बचें। मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. परवेज खान का कहना है कि केमिकल वाले रंगों से बचें। रंग सीधे चेहरे पर न डालें। अबीर-गुलाल भी आंखों में न जाने पाए। अगर किसी की आंख में रंग चला जाए तो आधे घंटे तक साफ पानी से धोएं। जलन फिर कम न हो तो तुरंत अस्पताल आकर दिखा लें।