विजयनगर सब्जी मंडी रोड पर भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
विजयनगर सब्जी मंडी चौराहे में फिर पाइप लाइन टूटने और सीवर चैंबर से पानी निकलने की वजह से सड़क पर पानी भर गया। यहां रोड भी टूटा होने और उस पर पानी भरने से देर शाम यहां पर जाम लग गया। विजयनगर गल्ला मंडी से सब्जी मंडी होते हुए मछली बाजार तक नगर निगम पौने दो करोड़ रुपये से नाले की सफाई, मरम्मत और उसे ढकवा रहा है। इसी रोड में सब्जी मंडी चौराहे में सीवर लाइन चोक होने के कारण मैनहोल के ऊपर गंदा पानी बह रहा है। इसी चौराहे के पास दिनेश स्टूडियो के सामने जल निगम की पाइपलाइन भी शाम को पुन: टूट गई है। जल निगम ने इसकी सुबह मरम्मत कराई थी, लेकिन खानापूरी की वजह से पुन: पानी बहने लगा।
स्थानीय दिनेश, अब्दुल सलाम जाफरी, शशांक पांडेय, राकेश सचान आदि ने बताया कि विजयनगर-गल्ला मंडी मुख्य मार्ग में मेट्रो ने बैरिकेडिंग लगा दी है। विजयनगर सब्जी मंडी मार्ग से वाहनों का आवागमन हो रहा है। क्षतिग्रस्त मार्ग में पानी से बचकर लोगों ने वाहन निकालने की कोशिश की, जिससे शाम सात बजे जाम लग गया, जो ढाई घंटे बाद खुल पाया। उधर, जल निगम के अवर अभियंता अनुराग सिंह ने पाइपलाइन टूटने की जानकारी से इन्कार किया। बताया कि 18 फरवरी को गैंग भेजकर कार्रवाई कराएंगे।