कमिश्नरेट पुलिस भले ही चीनी मांझे के खिलाफ अभियान चला रही है लेकिन रोजाना चीनी मांझे से हादसे हो रहे है। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से होली मिलने के लिए जा रहा फोटोग्राफर मुरे कंपनी पुल पर चीनी मांझे की चपेट में आकर घायल हो गए। हेलमेट और गले में रुमाल बांधने से उनकी जान बच गई। पीड़ित ने केपीएम अस्पताल में इलाज कराया। गडरिया मोहाल निवासी संजय सिंह पेशे से फोटोग्राफर हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को वह मुरे कंपनी पुल से होते हुए चकेरी की तरफ जा रहे थे। बीच पुल पर पहुंचते ही चीनी मांझे की चपेट में आ गए। सिर में हेलमेट और गले में रुमाल बंधा होने से मांझा उनकी नाक पर ही रगड़ पाया जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए। केपीएम अस्पताल में इलाज कराया है। संजय ने बताया कि उनके पीछे एक अन्य बाइक सवार भी आ रहा था। वह भी चपेट में आने वाला था। इस दौरान उसने अपनी बाइक रोक कर जान बचा ली। कैंट थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय और रेल बाजार थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।