कानपुर के नजीराबाद सर्किल में वाईफाई नेटवर्क पर पाकिस्तान जिंदाबाद का नाम लिखने वाले शख्स की तलाश के लिए अब साइबर सेल की टीम को लगाया गया है। डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि कबाड़ी मार्केट निवासी एक युवक ने बुधवार देर रात ऑफिस से लौटने के बाद घर में लगे वाईफाई को ऑन किया।
उसे खोलते ही उनके मोबाइल में पाकिस्तान जिंदाबाद के नाम से नेटवर्क दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया। इसके बाद से नेेटवर्क का नाम बदल गया। हालांकि ऐसा करने वाले शख्स का पता अभी नहीं चल पाया है।
क्या है पूरा मामला
नजीराबाद थाना क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट में किसी अज्ञात शख्स ने अपने पर्सनल वाईफाई पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिख दिया। स्थानीय निवासियों ने पाकिस्तानी हैकर्स द्वारा वाईफाई हैक करने की आशंका जताते हुए सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुटी है।
लोगों ने बताया कि बुधवार रात वह काम से घर लौटे तो आफिस कार्य के लिए घर में लगा वाईफाई खोला। उसे खोलते ही उनके मोबाइल पर वाई-फाई में पाकिस्तान जिंदाबाद नाम से एक नेटवर्क दिखाई दिया। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कार्यवाहक एसपी साउथ सीओ बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।