कल्याणपुर में बुधवार सुबह दलहन क्रॉसिंग के पास खड़े होकर ऑटो का इंतजार कर रहे मेडिकल के छात्र अमन सिंह (20) को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने दौड़ाकर चालक को पकड़ पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर में लगी नंबर प्लेट की जांच की तो वह दूसरे वाहन की निकली। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है।
कानपुर देहात के रसूलाबाद रामपुर तालुका निवासी देवपाल सिंह का बेटा अमन कार्डियोलॉजी के एनेस्थीसिया विभाग का छात्र था। अमन आवास विकास केशवपुरम में बड़े भाई पवन के साथ रहता था। पिता व मां किरन देवी रामपुर में रहते हैं। पवन कल्याणपुर में अस्पताल संचालित करते हैं। पवन के अनुसार अमर बुधवार सुबह करीब सात बजे कार्डियोलॉजी के लिए निकला था। दलहन क्रॉसिंग पार कर सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रहा था। तभी सामने से आए ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को वाहन समेत पकड़ा गया है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।