किडनी ट्रांसप्लांट में गिरफ्तार सैफुद्दीन और अखिलेश तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में अवैध तरीके से हुए किडनी ट्रांसप्लांट मामले में रावतपुर पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बहराइच निवासी ओटी असिस्टेंट सैफुद्दीन, दूसरा चकेरी निवासी नर्सिंग स्टाफ अखिलेश तिवारी है। दोनों जेल गए रोहित तिवारी के इशारे पर कार्य कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को गीतानगर क्रॉसिंग से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया है। अब तक 13 आरोपी जेल जा चुके हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि बहराइच के कैसरगंज निवासी सैफुद्दीन ने ओटी असिसटेंट का कोर्स किया है। वह लखनऊ, दिल्ली एनसीआर के कई नर्सिंगहोम में कार्य कर चुका है। उसकी जान पहचान जेल गए गाजियाबाद निवासी रोहित तिवारी से पहले से थी। सैफुद्दीन की दोस्ती चकेरी के अखिलेश तिवारी से थी। दोनों 2025 से रोहित तिवारी के किडनी ट्रांसप्लांट के खेल में शामिल हुए। पूछताछ में दोनों ने कानपुर में चार ट्रांसप्लांट की जानकारी दी, जिसमें दो आहूजा हॉस्पिटल, एक मेडीलाइफ और एक स्वरूपनगर का नर्सिंगहोम शामिल है। अखिलेश तिवारी ने ग्वालियर से जेएनएम का कोर्स किया है। अब तक किडनी ट्रांसप्लांट मामले में डॉ. सुरजीत आहूजा, डॉ. प्रीति आहूजा, शिवम अग्रवाल, राजेश कुमार, राम प्रकाश कुशवाहा, नरेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह राघव, नरेंद्र तोमर, परवेज सैफी, रोहित तिवारी, मुद्स्सर अली जेल जा चुके हैं। डॉ. अफजल, डॉ. वैभव, डॉ. अमित, नवीन पांडेय की तलाश जारी है।