इस्कॉन मंदिर में खेली गई फूलों की होली
- फोटो : अमर उजाला
मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में रविवार को फूलों की होली का महोत्सव मनाया गया। यहां करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचे जिन्होंने 10 हजार किलो फूलों से होली खेली। भक्तों ने भगवान के इस उत्सव में शामिल होकर उनकी कृपा प्राप्त की।
इस अवसर पर मंदिर में विराजमान राधा माधव ,गौर निताई व जानकी वल्लभ, लक्ष्मण, हनुमान का शृंगार किया गया। भगवान की विशेष फूलों से निर्मित पोशाक मंदिर प्रांगण में ही तैयार की गई। समारोह के आयोजन के लिए 10 हजार किलो फूल सिंगापुर, मलेशिया, पुणे व बंगलुरू आदि स्थानों से मंगाए गए थे। रंगीन फूलों से सजा मंदिर प्रांगण ब्रज धाम जैसा प्रतीत हो रहा था। इस अवसर पर इस्कॉन के जोनल सेक्रेटरी सुमन देवकीनंदन प्रभु , इस्कॉन मायापुर के विजय भागवत स्वामी महाराज भी उपस्थित रहे।
मंदिर अध्यक्ष सुशील मंत्री ने विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। मायापुर के प्रसिद्ध कीर्तनकार नारु गोपाल प्रभु ने श्रीमद्भागवत सत्र के माध्यम से भक्तों को प्रोत्साहित किया। पूरे दिन भक्त आध्यात्मिक, उत्साह ,उमंग व भक्ति भावना के साथ विभिन्न सेवाओं में लगे रहे। पुष्पोत्सव के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों को फलों का जूस भी वितरित किया गया। इस अवसर पर राधा माधव कमेटी के सदस्य एसके पालीवाल, महेंद्र अग्रवाल, मनोज गुप्ता, दीपक खेमका आदि मौजूद रहे।
कृष्ण भक्ति में लीन हुए लोग
होली मिलन महोत्सव पर विशेष अतिथि के रूप में भजन गायिका स्वाति मिश्रा ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। हरे कृष्ण महामंत्र का पारलौकिक कीर्तन, मृदंग करताल की विशेष ध्वनियों व राधा माधव के सुंदर दर्शन के मध्य मनाए गए। रंगोत्सव ने सभी को कृष्ण भक्ति में लीन कर दिया।