टूंडला जंक्शन के पश्चिमी यार्ड में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन टूटने दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। इससे राजधानी, शताब्दी, तेजस सहित 23 महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने और रवाना होने के कारण यात्री परेशान हुए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:05 बजे टूंडला के पश्चिमी यार्ड में ओएचई की अर्थिंग एंडिंग टूट गई जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात रोकना पड़ा। इसके चलते दिल्ली से कानपुर आने और कानपुर से दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रास्ते में ही रुक गईं। इसका असर देर शाम तक कानपुर सेंट्रल के परिचालन पर दिखाई दिया। इस तकनीकी खराबी से शताब्दी एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, अजमेर सुपरफास्ट और जोधपुर सुपरफास्ट सहित 23 ट्रेनें प्रभावित रहीं।
ट्रेनों के लेट होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। कई यात्रियों ने टिकट निरस्त कराएं। उधर, सूचना मिलते ही रेलवे की ओएचई और इंजीनियरिंग टीमों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लाइन लगभग 8:00 बजे दुरुस्त कर रेल यातायात बहाल किया गया।
टूंडला में ओएचई लाइन टूटने के चलते कानपुर की कई ट्रेनें प्रभावित हुई थी। हालांकि, यात्रियों को लगातार इसकी सूचना देते रहे ताकि उनको किसी प्रकार की परेशानी ना हो। - अमित सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल