बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र 27 दिन से लापता है। इकलौते बेटे की तलाश में मां थाने से लेकर पुलिस के आला अधिकारियों तक के चक्कर काट रही है लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को नजीराबाद निवासी अनीता सिंह ने पत्रकार वार्ता कर बेटे अंशुमान की तलाश कराने की गुहार लगाई। उन्होंने बेटे की सहपाठी छात्रा पर धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि धमकियों से जुड़े ऑडियो समेत कई साक्ष्य पुलिस को दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अनीता के मुताबिक, उनका 19 वर्षीय बेटा अंशुमान पीएसआईटी कॉलेज में बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि 19 अक्तूबर को छात्रा के बुलाने पर वह उसके साथ होटल गया था। इसके अगले दिन से उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकियां मिलने लगीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। मां का कहना है कि इसी तनाव में उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। बाद में छात्रा को घर बुलाकर समझाने की कोशिश की गई।
उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को कॉलेज में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ था। इसके बाद एक नवंबर की सुबह करीब 10 बजे अंशुमान घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन ने दो नवंबर को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बेटे की तलाश के लिए पांच नवंबर को पुलिस कमिश्नर और 17 नवंबर को एसीपी नजीराबाद से भी मुलाकात की थी। अनीता ने कहा कि उन्हें बेटे की सलामती की चिंता सता रही है। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।