शिवराजपुर (बिल्हौर)। बुधवार की सुबह कस्बे में जीटी रोड पर बाइक की मामूली ठोकर लगने से गुस्साए युवक ने साथियों के साथ मिलकर बाइक सवार सगे भाइयों को पीट दिया। दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
राहुल व रोहित पुत्रगण वंश लाल निवासी शिवराजपुर बुधवार की सुबह बाइक से अपने घर जा रहे थे, तभी कस्बे के जीटी रोड पर कुंवरपुर निवासी सत्यम से बाइक टकरा गई। इससे उसे मामूली चोटें आई। इससे गुस्साए सत्यम ने भाई राजू व साथी आशु निवासी कुंवरपुर व कुलदीप निवासी शुगर देवा के साथ के मिलकर लाठी-डंडों से राहुल व रोहित को जमकर पीट दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। आसपास के दुकानदारों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया। वहीं पीड़ित भाइयों के पिता वंशलाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसओ शेष नारायण पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों में रंगदारी को लेकर विवाद हुआ है, घायल के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।