मैंने 35 साल कांग्रेस में रहकर शहर के लोगों की सेवा की है, अब भाजपा में शामिल होकर जनता की सेवा करूंगा। मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। दिल्ली में केंद्रीय कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद यह बात अजय कपूर ने अमर उजाला से कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।
भारतीय जनता पार्टी की सभी को साथ लेकर चलने की नीतियों को आज हर कोई पसंद कर रहा है। जिस तरह से वे एक सिपाही के रूप में कांग्रेस में काम करते रहे हैं, उसी तरीके से अब भाजपा उनकी पार्टी है। कानपुर के लोगों से उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली से कानपुर आकर सभी से मिलेंगे। भाजपा से लोकसभा के टिकट पर उन्होंने कहा कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी में जनता की सेवा करने आए हैं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी वह मेरे लिए सिर माथे पर होगा।
अजय के भाजपा में आने पर विजय कपूर ने बांटी मिठाई
अजय कपूर के भाजपा में आने पर विजय कपूर ने अपने घर पर मिठाई बांटकर खुशी जताई। विजय कपूर ने कहा कि अजय का कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने का फैसला शहर के जनमानस के अनुसार है। यहां की जनता भी चाहती थी कि वह भाजपा में आकर जनता की सेवा करें। उन्होंने कहा कि अजय के फैसले का वह स्वागत करते हैं। मेरी बहुत बधाई।
अजय कपूर ने ही अभी तक कांग्रेस को जिंदा कर रखा था, अब उनके भाजपा में आ जाने से कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो गई है। पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है, भाजपा में उनका स्वागत है।- महेश त्रिवेदी, विधायक, किदवई नगर