नगर निगम ने अभियान चला उतारीं अवैध होर्डिंग
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में बिना ठेके के लगाए गए अवैध होर्डिंग और बैनरों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को नगर निगम की टीम ने कई इलाकों में कार्रवाई की। टीम ने मोतीझील से गोल चौराहा होते हुए गीता नगर क्रॉसिंग तक सड़क किनारे लगे होर्डिंग, बैनर और फ्लैक्स हटाए। छपेड़ा पुलिया से काकादेव कोचिंग मंडी और हरि गर्ल्स हॉस्टल से ओमपुरवा तक भी अवैध विज्ञापन हटाए गए। प्रभारी अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान में 235 क्यास्क, 65 बिल बोर्ड, 110 रोड क्रॉस बैनर और 10 होर्डिंग समेत कुल 420 विज्ञापन हटाए गए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।