Kanpur News: कानपुर नगर निगम ने 33.59 अरब का बजट पास करते हुए पार्षद कोटा 55 लाख रुपये कर दिया है। अब अपार्टमेंट्स में व्यावसायिक उपयोग वाले हिस्सों से कमर्शियल टैक्स वसूला जाएगा।
कानपुर नगर निगम में पार्षद कोटा 50 लाख से बढ़कर 55 लाख किया गया। जिन अपार्टमेंट में ब्यूटी पार्लर, बुटीक, शोरूम सहित अन्य तरह व्यावसायिक उपयोग हो रहे हैं। उनसे कमर्शियल गृह कर वसूला जाएगा। ये फैसले मंगलवार को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए। महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में नगर निगम समिति कक्ष में बैठक हुई।
इसमें कन्वेंशन सेंटर का संचालन कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से ही करने का फैसला हुआ, लेकिन शर्त रखी गई कि इससे होने वाली आय का 50% हिस्सा नगर निगम को मिलेगा। एक घंटे चली बैठक में नगर निगम का आगामी वित्तीय वर्ष का 33.59 अरब रुपये और जलकल विभाग का चार अरब रुपये से ज्यादा का बजट स्वीकृत हुआ है।