चुन्नीगंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करते सांसद रमेश अवस्थी
- फोटो : अमर उजाला
चुन्नीगंज और बारादेवी मेट्रो स्टेशनों का शनिवार को सांसद रमेश अवस्थी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिसंबर में आईआईटी से सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो चलने का भरोसा जताया। सांसद के अनुसार बर्रा-8 से नौबस्ता तक मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए डीपीआर तैयार हो चुका है, यह कार्य जल्द शुरू होगा। वह एयरपोर्ट, चौबेपुर तक मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए सीएम से आग्रह करेंगे।
दोपहर में चुन्नीगंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन और बारादेवी चौराहे पर एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मेट्रो के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद मीणा, प्रोजेक्ट मैनेजर अजहर सरताज, एडिशनल चीफ इंजीनियर (सिविल) बृजेश कुमार वर्मा ने वहां चल रहे निर्माण कार्यों के साथ ही ट्रैक, ट्रैक्शन, इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग और टेलीकॉम आदि कार्यों की जानकारी दी। मेट्रो के अधिकारियों ने सांसद को बताया कि दिसंबर में मोतीझील से चुन्नीगंज, परेड, बड़ा चौराहा होते हुए कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो चालू कर देंगे।
सांसद ने पत्रकारों को बताया कि दूसरे फेज में मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पांच भूमिगत मेट्रो स्टेशन तैयार हो गए हैं, जिन्हें दिसंबर तक शुरू करने की भी योजना है। तीसरे चरण में कानपुर सेंट्रल से बारादेवी,नौबस्ता तक चल रहा कार्य अगले साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा। जून 2026 में चतुर्थ चरण में सीएसए से बर्रा 8 तक का मेट्रो आवागमन प्रारंभ हो जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा।