कानपुर के भारतीय जनता पार्टी सांसद रमेश अवस्थी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उन्होंने कानपुर संसदीय क्षेत्र और आसपास के इलाकों की प्रमुख सड़क व बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा नई कनेक्टिविटी से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने औद्योगिक शहर कानपुर के समग्र विकास एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का आग्रह किया।
गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर को सीधी कनेक्टिविटी देने की मांग
सांसद रमेश अवस्थी ने केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। ऐसे में कानपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र को इससे सीधी कनेक्टिविटी दिया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इससे न केवल कानपुर के व्यापार व उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आवागमन भी बेहद सुगम और तेज हो जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ने पर शहर में नए निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे।
रामादेवी से गोल चौराहे तक एलिवेटेड फ्लाईओवर के शिलान्यास का अनुरोध
सांसद ने शहर के भीतर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए रामादेवी चौराहे से गोल चौराहे तक प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर के शिलान्यास को जल्द से जल्द कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि कानपुर महानगर में रोजाना लगने वाले भीषण जाम से निजात पाने के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है।
कानपुर-कबरई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड कनेक्टिविटी पर जोर
बैठक में सांसद ने कानपुर से कबरई तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के बीच व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करेगा। इसके निर्माण से बुंदेलखंड के पिछड़े इलाकों के विकास को नई दिशा मिलेगी।