महाराजपुर क्षेत्र के कंधईखेड़ा गांव के पास बुधवार देर रात शादी समारोह से घर लौट रहे दो दोस्तों की बाइक सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर में जा घुसी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। जाजमऊ गौशाला निवासी अजय पटेल (36) एक टेनरी में काम करते थे। परिवार में दो छोटे भाई सूरज और रिंकू हैं। परिजन ने बताया कि बुधवार को महाराजपुर के मंगतखेड़ा गांव में अजय के बुआ की बेटी की शादी थी।
अजय जाजमऊ डिफेंस काॅलोनी में रहने वाले अपने दोस्त शारिक (30) के साथ बाइक से गया था। देर रात लाैटते समय कंधईखेड़ा गांव के पास बाइक अंधेरे के चलते सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से जा भिड़ी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि पानी के टैंकर में बाइक टकराने से हादसा हुआ है।
दो वर्ष पहले हुआ था शारिक का निकाह
डिफेंस कालोनी गोशाला निवासी शारिक का दो वर्ष पहले नेहा से निकाह हुआ था। वह ई-रिक्शा चलाता था। सुबह मौत की सूचना घर पहुंची तो पत्नी बेसुध हो गई। शारिक के छोटे भाई राशिद ने बताया कि भाई की अजय से अच्छी दोस्ती थी। बुधवार को वह ई-रिक्शा लेकर घर पहुंचा। इसी दौरान अजय ने एक शादी में चलने को कहा तो शारिक देर रात आने की बात कह चला गया।