कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव के पास बंबे पर सोमवार की देर शाम लकड़ी लादकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन फानन सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों कस्बे में लाही की पिराई कराकर वापस गांव जैतीपुर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जैतीपुर निवासी अरुण (21) पुत्र रामदास अपने मामा के बेटे रेउना निवासी अंकित (18) पुत्र धर्मेंद्र के साथ घाटमपुर लाही की पिराई कराने बाइक से आया था। पिराई के बाद तेल लेकर दोनो देर शाम गांव लौट रहे थे। जैसे ही जैतीपुर बंबे पर पहुंचे तभी आगे जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से बाइक समेत टकरा गए।