कर्नलगंज के आर्यनगर स्थित एक निजी स्कूल में फीस वृद्धि का विरोध करने पर दंपती को पीटने के आरोपी विद्यालय संचालिका और बेटे को पुलिस ने जेल भेज दिया। पीड़ित दंपती बुजुर्गों को जवान बनाने का झांसा देकर करोड़ों के ठगी करने के आरोपी हैं। दोनों के खिलाफ किदवईनगर थाने में मामला दर्ज है।
आर्यनगर में यूरो किड्स स्कूल को अंजना साइमन और उनका बेटा अंकित साइमन संचालित करते है। स्वरूपनगर निवासी कारोबारी राजीव दुबे और उनकी पत्नी रश्मी का बेटा विद्यालय में एलकेजी में पढ़ता है। विद्यालय ने बीच सत्र में ही उनके बच्चे की फीस में वृद्धि कर दी। सोमवार को वह इसका विरोध करने स्कूल पहुंचे। आरोप है कि विरोध करने पर विद्यालय संचालिका अंजना साइमन और उनके बेटे अंकित ने हमला कर दिया। पति के सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गए थे। थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित दंपती ने विद्यालय संचालक मां-बेटे पर मारपीट, धमकी, छेड़खानी समेत अन्य गंभीर धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों को धारा 151 के तहत 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।