अर्मापुर में दशहरा मेला देखने गए परिवार के साथ आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान मां से अभद्रता और मारपीट करने के साथ ही बच्ची को बाइक से उठाकर फेंक दिया। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। अर्मापुर स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-दो के कर्मचारी आवास में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि मंगलवार की रात पत्नी और दो बेटियों के साथ दशहरा मेला देखने गया था।
आरोप है कि मेला परिसर के गेट नंबर चार के पास नशे में धुत इकराम ठेकेदार और उसके साथियों ने परिवार से अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने खड़ी गाड़ी से चार साल की बच्ची को खींचकर सड़क पर फेंक दिया। बेटी को बचाने पहुंची मां के साथ मारपीट व गाली-गलौज की गई। महिला से अश्लील हरकतें करने का विरोध करने पर दबंग ने परिवार को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। अर्मापुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।