मुआवजा देकर ली जाएगी निजी जमीन
यह अनवरगंज के पास एक नंबर क्रॉसिंग (तेजाब मिल) से करीब 150 मीटर आगे से उठेगा और जरीब चौकी, गुमटी नंबर-5, रावतपुर, कल्याणपुर होते हुए यह मंधना क्रासिंग से पहले नीचे उतरेगा। वर्तमान रेलवे ट्रैक से करीब 18 फीट की ऊंचाई पर बनने वाला एलिवेटेड ट्रैक जरीब चौकी से एक सीध में बनाया जाएगा। इसके लिए जरीब चौकी क्रासिंग से एलिवेटेड ट्रैक के पिलर यहां बनी मस्जिद की ओर से बनने शुरू होंगे। ट्रैक नसीमाबाद, दर्शनपुरवा से होता हुआ जयहिंद सिनेमा के पास से गुमटी नंबर पांच क्रासिंग से आगे निकलेगा। यहां निजी जमीन मुआवजा देकर ली जाएगी।
जल्द दिलाएंगे मुआवजा की राशि
एलिवेटेड ट्रैक बनाने के लिए 2.2 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा। इस पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता वाली टीम ने मुआवजा राशि तय कर दी। पीडब्ल्यूडी ने वित्तीय स्वीकृति के लिए फाइल शासन को भेज दी है। इस संबंध में शहर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि एलिवेटेड ट्रैक निर्माण के लिए शासन से जल्द वित्तीय स्वीकृति दिलाने के लिए पैरवी की जाएगी। शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने के इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा कराने की कोशिश है।