सपा के महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद के बयान को लेकर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। शनिवार को महानगर कार्यकारिणी की मासिक बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के कार्यक्रम और बैठकों में न आने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। यह बात विधायक को पता चलने पर उन्होंने कहा कि अध्यक्ष की हैसियत नहीं कि उन्हें नोटिस दें।
इसी को लेकर संगठन में माहौल गर्मा गया। सोशल मीडिया पर भी यह खबर वायरल हो गई। विधायक बाजपेई का कहना था कि महानगर अध्यक्ष उसी को नोटिस दे सकते हैं, जिन्हें वे मनोनीत करते हैं। इस संबंध में महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहा कि उन्होंने विधायक के लिए कुछ कहा ही नहीं। महानगर इकाई के पदाधिकारियों और पार्षदों के संबंध में यह बात कही गई थी कि जो पार्टी के कार्यक्रमों में नहीं आते, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।