कानपुर के जूही से लापता युवक का शव रविवार शाम नग्न अवस्था में स्वदेशी कॉटन मिल के जंगल में पड़ा मिला। उसका सिर पत्थर से कुचला हुआ था। रायपुरवा के लक्ष्मीपुरवा निवासी सुजीत ने शव देखकर उसकी पहचान अपने छोटे भाई प्रदीप (20) के रूप में की।
परिजनों ने मृतक की भाभी के पहले पति पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जूही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रदीप एक मिठाई की दुकान में काम करता था। ई रिक्शा चालक सुजीत ने बताया कि उसने जूही बंबुरहिया निवासी रूपा से मंदिर में शादी की थी।
रूपा का पति सोनू वर्मा उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए उसने उससे शादी कर ली। लेकिन सोनू घर आने लगा। रूपा से जोर जबरदस्ती करता था। एक सप्ताह पहले उसके छोटे भाई प्रदीप ने विरोध किया और सोनू की पिटाई कर दी। शनिवार दोपहर भी झगड़ा हुआ। इसके बाद वह प्रदीप को जबरन अपने साथ ले गया।
परिजनों ने रायपुरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार शाम उसका शव मिला। फॉरेंसिक एक्सपर्ट केमुताबिक आशंका है कि हत्यारोपी ने पहले गला दबाकर हत्या की, फिर सिर पत्थर से कूंच दिया था। आसपास पत्थरों पर खून मिला है। गर्दन का ऊपरी हिस्सा जंगली जानवर खा गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में असल वजह स्पष्ट होगी।
सोनू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी मोबाइल बंद कर फरार है, जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।
दीपक भूकर, एसपी साउथ