मृतक की फाइल फोटो व बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सचेंडी थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को नाबालिग वेटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी मौत जीने से गिरने के कारण होना बताई जा रही है, लेकिन उसे गिरते हुए किसी ने नहीं देखा। घटना की जानकारी नहीं देने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने गेस्ट हाउस में हंगामा किया और हत्या की आशंका जताई।
पंचमुरवा भैरमपुर निवासी शिवम कुरील (15) शनिवार को धड़िया गांव निवासी अरविंद और समरजीत के साथ काम करने के लिए घर से निकला था। दोनों उसे सात अन्य लोगों के साथ एक कार्यक्रम में काम कराने के लिए रायपुर स्थित गेस्ट हाउस ले गए थे। रविवार को कार्यक्रम के बाद शिवम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गेस्ट हाउस संचालक और वहां काम करने वाले लोगों ने उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं दी। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
परिजनों के मुताबिक, शिवम को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने सवाल उठाया कि अगर शिवम जीने से गिरा था तो इसकी जानकारी उन्हें तत्काल क्यों नहीं दी गई। शिवम चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता नरेश और मां नेहा के अलावा परिवार में छोटा भाई रामजी और बहन शालिनी व शालू हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।