कानपुर मेट्रो का मोबाइल एप लांच करते के एमडी सुशील कुमार
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने मंगलवार को कानपुर मेट्रो नाम का एप लांच कर दिया है। आईआईटी से मोतीझील के बीच चल रही मेट्रो में सफर करने के लिए यात्री इस एप की मदद से टिकट बुक करा सकेंगे। टिकट बुक कराते ही मोबाइल पर क्यूआर कोड आ जाएगा। संबंधित स्टेशन के गेट पर लगे सेंसर के सामने इसे लगाते ही गेट खुल जाएगा।
वैसे तो टिकट पूरा दिन मान्य होगा, लेकिन स्टेशन के गेट पर क्यूआर कोड स्कैन करते ही ठीक दो घंटे में इसकी वैधता खत्म हो जाएगी। इसलिए दो घंटे के भीतर स्टेशन से बाहर निकलना होगा। जिस दिन यात्रा करनी है, उसी दिन का टिकट बुक होगा। लांचिंग के दौरान प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर टिकट बुक करने और स्टेशन में प्रवेश करने का डेमो भी दिया गया। एप को एंड्रायड या आईओएस सॉफ्टवेयर वाले मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकेगा। इसी माह के अंत तक मेट्रो कार्ड भी लांच करने का आश्वासन दिया।