31 मई तक जमीन उपलब्ध कराने की बात कही
बैठक में मेगा लेदर क्लस्टर समिति के डायरेक्टर असरफ रिजवान से जब महाना ने जमीन के बारे में पूछा तो उन्होंने 31 मई तक जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। इस पर डीएम ने भी सहमति जताई। महाना ने कहा, समय बहुत हो गया है, अगर मई तक यह जमीन उपलब्ध नहीं करा पाते हैं, तो यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण को सौंप दीजिए। वहीं, ट्रांसगंगा सिटी से शहर को जोड़ने वाला गंगा पुल 10 साल बाद भी निर्माण न होने पर यूपीसीडा के इंजीनियरों को फटकार लगाई। बैठक में महापौर प्रमिल पांडेय, घाटमपुर विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेंद्र मैथानी, पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, केस्को एमडी सैमुअल पॉल, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, सीडीओ दीक्षा जैन आदि लोग उपस्थित रहे।
बड़े-बड़े वादे कर बेच दिए प्लॉट
महाना बोले, लोगों को बड़े-बड़े वादे करके प्लॉट बेच दिए, अब पुल का निर्माण नहीं कर पा रहे हो। इस पर प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने बताया कि प्रशासन और सेतु निगम की टीम ने पहले सर्वे कर 500 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे बोर्ड बैठक में पास करा दिया था। फिर जिलास्तर से प्रस्ताव में बदलाव हुआ तो बजट 600 करोड़ पर पहुंच गया। इसे बोर्ड भेजा गया है। उसके पास होने से पहले तीसरी बार नया प्रस्ताव बना, जिसकी लागत 799 करोड़ लागत पहुंच गई। सही निर्णय न होने पर पुल लटका है। महाना ने जल्द पुल निर्माण कराने की बात कही। इसके साथ ही कानपुर रिंग रोड निर्माण की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी सड़कें रिंग रोड से जोड़ी जाएं, वो जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर किया जाए। कानपुर लखनऊ एक्सप्रेस वे को 6 लेन करने पर अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा।
हाथीपुर के पास का कट खोलने के निर्देश
रामा देवी एलीवेटेड रोड निर्माण की समीक्षा में एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि डीपीआर तैयार हो चुकी है तकनीकी परीक्षण चल रहा है। इस पर महाना ने कहा, जो काम हो उसे ही बताएं, काम में तेजी दिखाएं। इसके साथ ही चकेरी के आगे हाथीपुर के पास एनएचएआई ने कट बंद कर दिया, जिससे लोगों को छह किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ता है। जिसके लिए महाना ने जांच कर कट खोलने के निर्देश दिए।
पैड पर लिखवाया, कब तक काम करोगे पूरा
बनियापुरवा में एसटीपी लगाने के लिए जल निगम की ओर से वर्ष 2019 से चल रहा कार्य पूर्ण न होने पर विधायक नीलिमा कटियार नाराज हो गईं। जल निगम की लापरवाही के कारण अभी तक पाइप लाइन नहीं पड़ पाई हैं। महाना ने जल निगम के कार्यकारी अभियंता विशाल सिंह से सवाल किया तो उन्होंने जुलाई तक एसटीपी संचालित कराने की बात कही। महाना ने कहा पैड पर लिखकर दो। इसके बाद भी एसटीपी संचालित नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी।