http://
पार्टी में तीन-चार केक भी काटे गए थे
लाउंज संचालक लवी मिश्रा ने बताया कि पार्टी में सुब्रत और शालू शामिल हुए थे। वे तय समय से एक घंटे पहले पहुंचे थे। हालांकि बिल का भुगतान उन्होंने नहीं किया था। पार्टी में तीन-चार केक भी काटे गए थे। संभावना है कि लोगों का बर्थडे था।
सुब्रत और शालू की हुई थी डेस्टिनेशन वेडिंग
धीरज अरोड़ा ने बताया कि उनकी दो बहनें सोनिया और शालू हैं। शालू ने लखनऊ से बीकॉम और बीएड किया। उसकी शादी 23 नवंबर 2020 को सुब्रत के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में नैनीताल में हुई। शालू ने कभी कोई शिकायत नहीं की।
शालू निर्दोष, हत्या का सच सामने आना अभी बाकी
पुलिस की जांच अभी शुरुआती दौर में है, किसी पर दोष मढ़ना उचित नही है। जैसे-जैसे जांच बढ़ेगी घटना का पूरा सच सामने आ जाएगा। शालू ने ससुर की हत्या नहीं करवाई। यह बातें शालू के भाई धीरज अरोड़ा और बहन सोनिया मेहरोत्रा ने अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित के चेंबर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
उसने कुछ नही किया, उसे फंसाया जा रहा है
उन्होंने शालू को पूरी तरह निर्दाेष बताया। धीरज ने कहा कि उन्हें पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा है, लेकिन सच सामने आना बाकी है। जेल में शालू से हुई मुलाकात के बारे में बताया कि वह हतप्रभ है कि विशाल ने उसका नाम क्यों लिया। शालू बार-बार एक ही बात कह रही है कि उसने कुछ नही किया। उसे फंसाया जा रहा है।
कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही है जांच
सोनिया ने बताया कि शालू का ससुर से कोई विवाद नही था। उसे जब भी रुपयों की जरूरत होती थी बेरोक-टोक मिल जाते थे। सीसीटीवी कैमरे दादी सास की देखभाल की वजह से लगवाए थे। ससुर बीमार थे और शालू भी उनकी सेहत को लेकर चिंतित रहती थी। अधिवक्ता शिवाकांत ने कहा कि कई अनसुलझे सवाल हैं, कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
सुब्रत को लेकर असमंजस में रहे भाई-बहन
सुब्रत कुछ भी नही बोल रहा। मायके वालों ने उससे संपर्क की कोशिश की, लेकिन वह बात करने को तैयार नही। दोनों शालू से दो बार जेल में मिलने गए लेकिन पति एक बार भी नही गया। पार्टी में दोनों साथ-साथ गए थे और साथ ही लौटे।
ये था पूरा मामला
कल्याणपुर के इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की शनिवार देर रात नृशंस हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त कारोबारी की बहू-बेटा पार्टी करने गए थे। सुबह 4:13 बजे पर दोनों लौटे तो कमरे में खून से लथपथ शव पड़ा पाया। गले पर रेतने के निशान थे, जबकि पूरे शरीर पर धारदार हथियार से डेढ़ दर्जन से अधिक वार किए जाने के निशान थे।
सीसीटीवी में कैद हुए थे दो व्यक्ति
घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर, डीसीपी वेस्ट, एडीसीपी व कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अपार्टमेंट की गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए थे, जिसमें एक पूर्व कर्मचारी सहित दो व्यक्ति फ्लैट में घुसते और निकलते कैद हुए। आशंका थी कि इन्हीं ने हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।
बड़े दवा कारोबारी थे विनीत मिनोचा
बता दें कि इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल के फ्लैट नंबर सी-104 में रहने वाले विनीत मिनोचा बड़े दवा कारोबारी थे। 45 वर्षों से बिरहाना रोड पर फार्मा ट्रेडर्स के नाम से दवा की फर्म है। परिवार में बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह साल का पोता श्रीजय है। पत्नी पुनीता गाजियाबाद में मैरिज काउंसलर हैं। एक सप्ताह पहले वहीं लौट गई थीं। विवाहित बेटी शुभानी और दामाद गुरुग्राम में रहते हैं। दोनों इंजीनियर हैं।