फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए साल में उम्मीदों को लगेंगे पंख, कानपुर को मिल सकती हैं यह सौगातें

Wed, 01 Jan 2020 03:06 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नए साल में कानपुर की कई उम्मीदों को पंख लगने जा रहे हैं। इससे शहरियों को काफी राहत मिलेगी। इस माह से ही सीओडी पुल की दूसरी लेन भी खोल दी जाएगी। इससे लाखों की संख्या में शहरियों को राहत मिलेगी। इसी साल से इंटीग्रेटेड कॉमन कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के माध्यम से शहर का ट्रैफिक सिस्टम संचालित होने लगेगा।
विज्ञापन


किसी भी चौराहे या मार्ग पर जाम लगा होने पर उससे पहले ही इलेक्ट्रानिक डिस्पले बोर्ड पर इसकी जानकारी मिल जाएगी। इसके साथ ही वैकल्पिक मार्ग भी सुझाया जाएगा। इस वर्ष से ही कूड़ा निस्तारण प्लांट का संचालन पुन: शुरू होने से गंदगी से भी छुटकारा मिलेगा। फूलबाग के आसपास बनने वाली स्मार्ट रोड पर भी लोग फर्राटा भर सकेंगे।

ये हैं शहर की उम्मीदें

1- सीओडी पुल 
जीटी रोड की सीओडी क्रासिंग पर बहुप्रतीक्षित सीओडी पुल का निर्माण 11 साल में पूरा हो गया है। पुल की दूसरी लेन के कुछ हिस्से में रेलिंग, पेंटिंग का काम बचा है जो इसी हफ्ते पूरा हो जाएगा। 14 जनवरी के बाद इस पुल पर वाहन फर्राटा भर सकेंगे। लगभग 54 करोड़ रुपये से निर्मित इस पुल की एक लेन छह महीने पहले शुरू हो गई थी, उसी से वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में कई बार लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। हादसे भी होते हैं। इस पुल की दूसरी लेन शुरू होने से यहां से लोग फर्राटे से गुजर सकेंगे। अब उन्हें जाम से भी जूझना नहीं पड़ेगा। 

2- जाजमऊ का प्रवेशद्वार
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की इच्छा पर केडीए ने जाजमऊ में गंगा किनारे शहर का प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) बनवाने का कार्य एक साल पहले शुरू किया। यहां भी 75 फीसदी से ज्यादा कार्य हो चुका है। रात में रंगबिरंगी रोशनी में इसकी निराली छटा देखते ही बनती है। नए साल में यह कार्य पूरा होने की प्रबल संभावना है। एंट्री गेट सहित जाजमऊ टीले को भी पर्यटन के उद्देश्य से विकसित करने की अफसर मंशा जता रहे हैं।

3- पनकी का कूड़ा निस्तारण प्लांट
पनकी के ग्राम भऊसिंह की 46 एकड़ जमीन पर बना कूड़ा निस्तारण प्लांट नए साल में चालू होने की उम्मीद है। इसके लिए शासन स्तर पर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी के अनुसार एक - दो महीने में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। नई कंपनी प्लांट में डंप करीब 20 लाख मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारित करेगी। प्लांट में रोज पहुंच रहा कूड़ा दूसरी कंपनी निस्तारित करेगी। दो और कूड़ा निस्तारण प्लांट भी बन सकते हैं।

4- नानाराव पार्क
आजादी के मूक गवाह रहे नानाराव पार्क में नगर निगम करीब 9.5 करोड़ रुपये से सुंदरीकरण करा रहा है। यह कार्य पूरा होने से पार्क में रोज टहलने आने वाले हजारों लोग लाभांवित होंगे। मार्निंग वाकर न सिर्फ नए पाथवे में टहल सकेंगे, बल्कि साइकिल ट्रैक आदि का भी लाभ मिलेगा।

5- स्मार्ट रोड
स्मार्ट सिटी के तहत फूलबाग के आसपास 2.9 किलोमीटर स्मार्ट रोड बनाई जा रही है। जब्त की गई पॉलिथीन को तारकोल में मिक्स कर बनने वाली इस सड़क के दोनों तरफ डक्ट रहेंगी, जिनसे पाइप लाइन, केबिल आदि निकलेंगी। हरियाली भी रहेगी।

6- फूलबाग की भूमिगत पार्किंग
केडीए ने परेड में नवनिर्मित केडीए क्रिस्टल पार्किंग शुरू करने के साथ ही फूलबाग स्थित भूमिगत पार्किंग के संचालन एवं रखरखाव के लिए टेंडर निकाले, पर ठेकेदार ने इसे लेने के लिए रुचि नहीं दिखाई। उम्मीद है कि नए साल में ये पार्किंग चालू हो जाएगी। इससे न सिर्फ माल रोड, नानाराव पार्क घूमने वालों को लाभ मिलेगा, बल्कि माल रोड के होटलों, बिरहाना रोड, नयागंज, एक्सप्रेस रोड, सागर मार्केट आदि दुकानदारों को लाभ मिलेगा। जाम से भी राहत मिलेगी।

7- आईसीसीसी
स्मार्ट सिटी में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 389 करोड़ रुपये से आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कॉमन कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) विकसित किया जा रहा है। इसके तहत शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे, 48 जगह इलेक्ट्रानिक डिस्पले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। यह कार्य पूरा होने से यातायात व्यवस्था दुरुस्त होगी। यातायात नियम तोड़ने वालों के ऑनलाइन ई-चालान होंगे। कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

8- सिग्नेचर सिटी 
केडीए की चिड़ियाघर के पास बहुप्रतीक्षित परियोजना (सिग्नेचर सिटी) के आवंटियों का इसमें रहने का सपना नए साल में पूरा हो जाएगा। कार्य पूरा करने की डेडलाइन जुलाई 2019 थी, पर ठेकेदार कंपनी और केडीए अफसरों की लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हो सका। केडीए ने रेरा से और वक्त मांगा है।

9- बोट क्लब
बैराज के पास ढाई साल पहले बोट क्लब बनकर तैयार हुआ था। 13 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। 2019 में इसके शुरू होने की संभावना थी, पर अफसरों की लापरवाही की वजह से ऐसा नहीं हो सका। उम्मीद है कि नए साल में नाव खरीदकर इसे शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

ये भी उम्मीदें हो सकती हैं पूरी

10- ईएसआई सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
पांडु नगर में ईएसआई के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए 30 करोड़ रुपये लगाकर सात मंजिला इमारत (टावर) बनवाई गई। अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि इसमें सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा या मेडिकल कालेज या डेंटल कालेज या पैरा मेडिकल कालेज। नए साल में यह तय होने और निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। 

11- शताब्दी नगर स्टेडियम
केडीए ने शताब्दी नगर योजना का खाका खींचते समय वहां 29 करोड़ रुपये से स्टेडियम बनाने की भी योजना बनाई। चार साल पहले स्टेडियम निर्माण शुरू हुआ, दो साल पहले तक काफी कार्य हो चुका था, पर बाद में भुगतान न होने से ठेकेदार ने काम रोक दिया। केडीए अब इसकी डियाजन संशोिधित कर और बजट कर कार्य पूरा कराने का दावा कर रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें