गुजैनी थाना क्षेत्र के जरौली फेज-दो में रील बनाने वाली महिला मित्र के साथ रह रहे राहुल (38) की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला उसे सहयोगियों की मदद से कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने महिला मित्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करा शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रावतपुर के सराय निवासी पिता महेश शुक्ला ने बताया कि राहुल प्रिंटर और टोनर का काम करता था। वर्ष 2011 में उसकी शादी आवास विकास कल्याणपुर निवासी स्मिता से हुई थी। दोनों की एक बेटी आराध्या है। शादी के करीब तीन साल बाद राहुल को रील बनाने वाली महिला ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। परिवार के विरोध के बावजूद राहुल ने परिवार से अलग महिला मित्र के साथ रहने लगा।