बीएसएफ में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवक के पिता से 5.56 लाख रुपये ठगने के मामले में वांछित आरोपी धर्मेंद्र सिंह चंदेल उर्फ भूरा उर्फ निरंजन सिंह को बिधनू पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे जामू से धौरी जाने वाले मार्ग पर करीब 100 मीटर पहले से पकड़ा। आरोपी पर बिधनू थाने में 19 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
भीसी जरिगांव निवासी संजय कुशवाहा ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि उनके बेटे की पनकी में कोचिंग के दौरान अमित नाम के युवक से मुलाकात हुई थी। अमित ने बीएसएफ में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और धर्मेंद्र सिंह चंदेल और बऊवा सिंह से मिलवाया। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर छह लाख रुपये मांगे गए। संजय ने खेत बेचकर पांच लाख रुपये नकद और 56 हजार रुपये मोबाइल से ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने युवक को बीएसएफ का फर्जी कॉल लेटर दिया और प्रशिक्षण के लिए भेजने की बात कही।
तहरीर के मुताबिक, युवक को गोरखपुर ले जाकर कमरे में बंद रखा गया और कई दिनों तक खाना-पानी नहीं दिया गया। किसी तरह वहां से निकलकर युवक घर पहुंचा और उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। रुपये वापस मांगने पर आरोपी पक्ष ने फोन उठाना बंद कर दिया था। बिधनू थानाप्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमे में वांछित चल रहे धर्मेंद्र सिंह चंदेल को रविवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।