कानपुर में महाराजपुर के सरसौल रेलवे स्टेशन स्थित शंकरानंद डिग्री कॉलेज में सोमवार रात चोरों ने ताले तोड़कर सात अलमारियों को खंगाल डाला। इसके बाद 10 सीसीटीवी कैमरे और पंद्रह एलईडी बल्ब तोड़ दिए। चोर डीवीआर और कॉलेज का सीपीयू भी उठा ले गए। कॉलेज में चल रही परीक्षाओं के बीच हुई इस वारदात ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह अस्त व्यस्त कर दिया है।
प्राचार्य डॉ. ममता श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश पत्र तैयार किए जा रहे थे, जिनके लिए रखे गए करीब एक लाख रुपये की नगदी भी चोरी हो गई है। साथ ही, कई जरूरी दस्तावेज भी गायब हैं, जिससे प्रशासनिक कामकाज और परीक्षाओं में भारी दिक्कतें आ रही हैं। घटना की सूचना पर महाराजपुर थाने से एकमात्र दरोगा मौके पर पहुंचे और छानबीन की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।