आईआईटी में पिछले एक सप्ताह से घूम रहा रहा शातिर तेंदुआ आखिरकार कैमरे में कैद हो गया है। ये तेंदुआ आईआईटी परिसर में निर्माणाधीन गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के पास वन विभाग की ओर से लगाए गए ट्रैप कैमरे में कैद हुआ है। पहले पैरों के निशान और अब फुटेज में दिखाई देने के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए दो पिंजड़े लगा दिए हैं।
वन विभाग की टीम के मुताबिक निर्माणाधीन गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के पास सुबह चार बजे तेंदुआ पानी पीने जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह पीछे की घास में छिप गया। जिला वन अधिकारी दिव्या ने बताया कि आईआईटी में तेंदुआ होने की पुष्टि हो गई है। गुरुवार को उन दोनों स्थानों पर पिंजड़े लगाए गए हैं, जिन जगहों पर लोगों ने तेंदुआ देखने का दावा किया था। एक पिंजड़ा गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के पास और दूसरा धोबी घाट के पास रखा है। अब किसी भी व्यक्ति को रात में उधर जाने के अनुमति नहीं है क्योंकि वहां चहलकदमी होने से तेंदुआ सतर्क हो जाएगा। बता दें कि वन विभाग ने धोबीघाट के पास भी ट्रैप कैमरा लगाया है।