स्वरूपनगर स्थित सिप्रा लाउंज में शनिवार देर रात हुई मारपीट ने पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि रात करीब 3:30 बजे तक लाउंज खुला रहा। नशे में धुत युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पीटा। हुक्के से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। हैरानी की बात यह है कि पिकेट पॉइंट से कुछ ही दूरी पर हुए हंगामे की भनक तक पुलिस को नहीं लगी।
फजलगंज निवासी विशाल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्तों अमित लखमानी और हार्दिक वर्मा के साथ लाउंज गए थे। मोबाइल का चार्जर छूट जाने पर वह देर रात करीब 3:30 बजे दोबारा पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद अलमास बेग, अकीब कुत्वाल, अलमास का छोटा भाई और तीन अन्य युवकों ने गालीगलौज की। विरोध करने पर हुक्के से हमला कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। इसके बाद आरोपियों ने घेरकर पीटा।