प्रेसवार्ता में फिल्म के निर्माता-निर्देशक
कानपुर शहर के अपराध पर केंद्रित फिल्म ‘कानपुर के शोले’ 04 जनवरी को रिलीज होने जा रही है। लाटूश रोड स्थित नॉवेल्टी सिनेमा में फिल्म के रोजाना चार शो चलेंगे। फिल्म के संबंध में प्रेसवार्ता करते हुए प्रोड्यूसर-एक्टर मोहम्मद आलम ने बताया कि कानपुर में हुई बड़ी आपराधिक वारदातों को एक कहानी का रूप देते हुए फिल्म तैयार की गई है।
फिल्म में एक्शन, ड्रामा, रोमांस, कॉमेडी और संगीत का तड़का लगा है। शहर के लोगों को इस फिल्म के जरिए भरपूर मनोरंजन का मौका मिलेगा। 11 जनवरी से फिल्म उत्तर प्रदेश के अन्य सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म की पूरी शूटिंग कानपुर के मशहूर इलाकों में हुई है। शहर के नए कलाकारों को भी मौका दिया गया है। फिल्म में एसीपी के मुख्य किरदार में खुद मोहम्मद आलम हैं। जबकि इंस्पेक्टर की भूमिका में विनीत सिन्हा, डॉन के रोल में रिजवान असलम और अजय त्रिपाठी हैं। एक्टर शान खान ने भी अपनी अदाकारी से सबको रिझाने की कोशिश की है। फिल्म के आइटम सॉन्ग में इंद्राणी तालुकदार ने जबरदस्त ठुमके लगाकर जलवे बिखेरे हैं। आलम ने बताया कि उनकी प्रोडक्शन कंपनी यूनिवर्सल मोशन पिक्चर के बैनर तले उनकी अगली फिल्म जबर की शूटिंग जल्द शुरू होगी। फिल्म में गाने श्रेया चोपड़ा, अनिल सुखविंदर, नौसाद वारसी, सगीर जानी व आमिर हुसैन ने गाए है। संगीत एम देव सिंह व सुमन शर्मा ने दिया है और ईशान खान ने कोरियोग्राफी की है। फिल्म के निर्माता निर्देशक मोहम्मद आलम ने बताया कि कानपुर के शोले गैंगवार पर आधारित है। इसमें कालाबाजारी, तस्करी, स्मैक आदि की खरीद फरोख्त, हत्या, राजनीति को दिखाया गया है। दिखाया गया है कि कैसे तंग गलियों में अपराध पलता है। प्रेसवार्ता में विजय कपूर भी मौजूद थे।