नौबस्ता के मछरिया में फर्जी दस्तावेजों के जरिए फर्म बनाकर 8.57 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हड़प ली गई। जांच में फर्म के पते पर बंद दुकान मिली। राज्यकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ने नौबस्ता थाने में फर्म संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त आनंद कुमार सिंह के मुताबिक, मछरिया के बौद्धनगर स्थित पते पर याशमीन ट्रेडर्स ने 23 दिसंबर 2024 को सीमेंट और एल्युमीनियम स्क्रैप के कारोबार के लिए जीएसटी पंजीकरण कराया था। आरोप है कि फर्म में करोड़ों रुपये का टर्नओवर दिखाकर सरकार से 8.57 करोड़ रुपये की आईटीसी प्राप्त की गई।
संदेह होने पर विभागीय टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची तो वहां फर्म के बजाय बंद दुकान मिली। भवन स्वामी ने बताया कि करीब चार महीने पहले दुकान खाली करा ली गई थी। वहीं, बुलाए जाने पर फर्म के प्रतिनिधि भी कारोबार से संबंधित अभिलेख नहीं दिखा सके। विभाग ने सरकारी खजाने को हुए नुकसान का आकलन कर थाने में शिकायत दी। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर याशमीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।