कानपुर में वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) की बकायेदारी पर एसजीएसटी के अफसरों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। 11.90 करोड़ के बकाया वैट पर शहर में पहली बार आयरन स्क्रैप व्यापारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। व्यापारी पर 2014-15, 2015-16 और 2016-17 से वैट की बकायेदारी है। फर्म भी बंद की जा चुकी है। जब उन्हें गिरफ्तार किया गया तो वह अपने पिता की फर्म में थे।
जिला प्रशासन की भू-राजस्व वसूली की तर्ज पर कार्रवाई की गई। प्रमुख सचिव राज्यकर एम. देवराज के निर्देश पर वैट की पुरानी बकाया वसूली के लिए प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में अपर आयुक्त ग्रेड 1 राज्य कर (कानपुर जोन प्रथम) सैमुअल पाल एन एवं संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर संभाग बी की ओर से कार्रवाई की गई।