चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में जूनियर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को प्रकरण से जुड़े दोनों गुटों के विद्यार्थियों को बुलाकर उनका पक्ष सुना गया। विवि की अनुशासन समिति ने सभी संबंधित छात्रों से घटनाक्रम की जानकारी लिखित रूप में ली। अब मंगलवार को विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी बुलाया गया है।
तिलक छात्रावास में हुई घटना को लेकर बीएससी वानिकी के दो विद्यार्थियों ने बीएससी कृषि के कुछ छात्रों पर अपमानित करने, जबरन दंडात्मक मुद्रा में खड़ा करने और जातिसूचक अपशब्द कहने और अभद्रता का आरोप लगाया है। कहा है कि आपत्तिजनक हरकतों की रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया। मामला पुलिस तक भी पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत 20 नवंबर को रैगिंग से जुड़ी शिकायत के बाद हुई थी। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि पुरानी शिकायत में सहयोग करने की नाराजगी के चलते उन्हें निशाना बनाया गया। डीएसडब्ल्यू प्रो. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अभिभावकों से बातचीत के बाद जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।